Friday, December 12, 2008

अब सपने भी नहीं रहेंगे आपके अपने


अब सपने भी नहीं रहेंगे आपके अपने



यदि कोई कहे कि आप अपने मन में जो कुछ भी सोचेंगे वह हूबहू कंप्यूटर की स्क्रीन पर भी दिखेगी तो इसे आप मजाक ही समझेंगे, लेकिन निकट भविष्य में शायद ऐसा ही होने वाला है। यहां तक कि कंप्यूटर आपके सपने भी बयां कर देगा।

जापान के एक शोध दल ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने ऐसी तकनीक विकसित की है जिससे कि लोगों के दिमाग में चल रही हर चीज कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख सकती है, चाहे सपने ही क्यों न हों।

एटीआर कंप्यूटेशनल न्यूरोसाइंस लैबोरेटरीज के शोधकर्ताओं ने अमेरिकी पत्रिका न्यूरान में प्रकाशित होने से पहले अपने अध्ययन के बारे में इस बात की जानकारी दी कि उन्होंने मानव मस्तिष्क से चित्रों को सीधे प्रदर्शित करने में सफलता हासिल की है।

हालांकि अभी तो वैज्ञानिक मस्तिष्क से साधारण चित्र बनाने में ही सफल रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि इस तकनीक को सपनों तथा लोगों के दिमाग में छिपी अन्य गोपनीय बातों को प्रदर्शित करने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

संस्थान ने एक बयान में कहा कि दुनिया में ऐसा पहली बार हुआ है जब लोगों के मस्तिष्क में जो कुछ भी चल रहा है, उसे देखा जा सके। इसमें कहा गया है कि इस तकनीक के इस्तेमाल के बाद सपनों के बारे में जानना भी संभव होगा।






No comments:

Post a Comment